BREAKING CG NEWS

ट्रांसफार्मर में आग से सिंधी कॉलोनी बेहाल: रातभर छाया अंधेरा, पानी संकट भी गहराया

Share this

बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 19 भक्त कंवरराम नगर सिंधी कालोनी में काफ़ी दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार कटौती, लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर मे खराबी से स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

 

स्थानीय रहवासियों के मुताबिक इलाके में पिछले कई दिनों से रोजाना रात के समय बिजली गुल जाती है और सुबह तक सप्लाई बहाल नहीं होती। बुधवार रात भी पूरी कॉलोनी घंटों अंधेरे में डूबी रही। लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कंट्रोल रूम में शिकायत की, लेकिन रातभर कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। रहवासियों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही की वजह से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

 

इलाके में लो वोल्टेज की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। रहवासियों का कहना है कि कम वोल्टेज के कारण कई घरों में लगे पानी के मोटर और अन्य बिजली उपकरण खराब हो गए। गुरुवार सुबह स्थिति और बिगड़ गई जब कॉलोनी के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते सुधार कार्य नहीं होने से यह स्थिति बनी है।

 

बिजली सप्लाई ठप होने का असर अब पानी व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। घरों में लगे मोटर बंद है। बिजली नहीं रहने की वजह से लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में बिजली और पानी दोनों संकट से जूझ रहे रहवासियों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने जल्द स्थायी समाधान, ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *