BREAKING CG NEWS

रायपुर में पदस्थ एसआई के घर चोरों का धावा, 10 ताले चटकाकर 20 लाख का माल पार

Share this

बिलासपुर। शहर के आमसी बायपास स्थित एक पुलिस उप-निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के सूने मकान को बीती रात अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने घर के लगभग 10 ताले तोड़कर करीब 20 लाख रुपये की बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित सब-इंस्पेक्टर जे.पी. साहू वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त एसआई जे.पी. साहू का पूरा परिवार अपनी रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। घर में ताला लगा हुआ था। इसी सूनेपन का फायदा उठाते हुए बीती रात अज्ञात चोरों ने मकान में धावा बोल दिया।

 

परिजनों ने बताया कि जब वे वापस लौटे तो घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने कमरों और अलमारी के करीब 10 ताले तोड़े। उन्होंने अलमारी में रखे लगभग 12 तोला सोने और चांदी के जेवरात के साथ-साथ एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए जेवरातों और नकदी की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित खमतराई थाना पुलिस अलर्ट हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उनके साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया।

 

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर उंगलियों के निशान व अन्य अहम सुराग जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। आसपास के रास्तों और मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *