CG DHAN KHARIDI: attempt to irregularize paddy procurement failed, 240 sacks seized in raids at two locations
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही. जिला प्रशासन ने धान के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है है. इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील पेण्ड्रारोड के ग्राम बरवासन में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा. कार्रवाई में कुल 240 बोरी अवैध धान जब्त किया है.
बाड़े और खुले में छुपाकर रखा गया था धान
संयुक्त जांच दल को मिली सूचना के आधार पर ग्राम बरवासन में यह कार्रवाई की गई. जांच के दौरान राजेंद्र गुज्जर के बाड़े में ट्रैक्टर पर लदी 35 बोरी और खुले में रखी 100 बोरी, इस प्रकार कुल 135 बोरी धान बरामद हुआ. वहीं ग्रामीण जीवन सिंह मारको के यहां से अवैध रूप से भंडारित 105 बोरी धान जब्त किया गया है. प्रशासनिक टीम ने दोनों स्थानों से कुल 240 बोरी धान जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के तहत ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दे दिया है.
कटाई से पहले ही पहुंच गया धान
जांच के दौरान जब अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की, तो बड़ा खुलासा हुआ. दोनों व्यक्तियों के खेतों में अभी धान की कटाई और मिसाई (थ्रेशिंग) का कार्य शुरू ही नहीं हुआ था. पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह धान अन्य किसानों के खेतों से लाकर यहां अवैध रूप से डम्प किया गया था, ताकि समर्थन मूल्य पर इसकी अवैध बिक्री की जा सके.

