Iran Bus Accident: Bus full of gas refinery employees overturned, news of several deaths.
तेहरान। पश्चिमी ईरान में इराक की सीमा के पास गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस पलट गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई है और 16 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। हादसे की जांच की जा रही है।
ईरान में बस हादसा
ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार शाम पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत (रोजहेलात) में तेल और गैस कर्मचारियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया।
यह बस ‘देहलोरन NGL 3100’ तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को ले जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 7:25 बजे, देहलोरन के पास ‘दश्त अब्बास-मुर्मुरी’ सड़क पर यह बस पलट गई।
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी, ‘इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी’ (IRNA) ने रविवार को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे पहले प्रांतीय अधिकारियों ने यह संख्या नौ बताई थी।
घायलों को दी जा रही हर संभव मदद
IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घायल हुए 16 लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों ने इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है। इस हादसे में मारे गए कई लोग अब्दानन के ही रहने वाले थे।
हादसे के कारणों की जांच जारी
ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (ISNA) के मुताबिक, अब्दानन के अभियोजक (प्रॉसिक्यूटर) अमरोल्लाह मिसाई ने कहा, ‘दुर्घटना का कारण, इसमें योगदान देने वाले कारक और किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।’
अमरोल्लाह मिसाई ने आगे कहा, ‘अगर किसी व्यक्ति या जिम्मेदार संस्था की ओर से कोई गलती या लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’

