BREAKING: Dispute in the market, then fight and death… Murder of BJP worker in Bengal caused a stir
पानीहाटी। उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी के सोदपुर साइडिंग बाजार में विवाद के दौरान किये गये हमले से पानीहाटी नगरपालिका के 14 नंबर वार्ड की भाजपा सचिव रुमा साहा के पति अरूप साहा की मौत हो गई।
रूमा का आरोप है कि बाजार में विवाद शांत कराने पहुंचे अरूप साहा के साथ धक्का-मुक्की और फिर मारपीट की गई जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें कमरहट्टी स्थित सागर दत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विवाद शांत कराने पहुंचे थे दंपती
जानकारी के अनुसार, बाजार में कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने का एक व्यवसायी ने विरोध किया था। इसे लेकर विवाद शुरू हो गया।
व्यवसायी ने इसकी शिकायत भाजपा वार्ड सचिव रुमा साहा से की। बाद में दोबारा विवाद होने पर रुमा अपने पति अरूप साहा के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि विवाद शांत कराने के दौरान अरूप को धक्का देकर गिरा दिया गया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
घटना के बाद विधायक रत्ना देवनाथ ने मृतक के परिवार से मुलाकात की और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की गुहार लगाई। उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष चंडीचरण राय पर भी सवाल उठाए।
विधायक का आरोप है कि वार्डों में नियुक्त कुछ संयोजक, जो तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आए हैं, इलाके में अशांति फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, रुमा साहा ने राजदीप दास और 14 नंबर वार्ड के सुजीत कुमार विश्वास उर्फ ननी समेत कई लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि ननी ने ही राजदीप और तृणमूल समर्थित लोगों को मौके पर बुलाया था।

