Air India नई दिल्ली। भारी घाटे और कई चुनौतियों से जूझ रही विमानन कंपनी ‘एअर इंडिया’ में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। इसके तहत एअर इंडिया के पूर्व सीएमडी और नागरिक विमानन मंत्रालय के पूर्व सचिव प्रदीप सिंह खरोला की कंपनी में वापसी हो गई है। खरोला को एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का कार्यकारी सलाहकार नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही वह एअर इंडिया की मैनेजमेंट कमेटी के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में भी शामिल हो गए हैं। एअर इंडिया के सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन ने सोमवार को कंपनी के कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक संदेश में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खरोला तुरंत प्रभाव से वरिष्ठ प्रबंधन टीम का हिस्सा बन गए हैं।
एअर इंडिया से है पुराना नाता
बता दें कि प्रदीप सिंह खरोला एअर इंडिया के लिए कोई नए नाम नहीं हैं। जब यह कंपनी सरकारी नियंत्रण में थी, तब वह 2017 से 2019 के बीच एअर इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) रह चुके हैं। इसके बाद, नागरिक उड्डयन सचिव रहते हुए उन्होंने एअर इंडिया के निजीकरण की प्रक्रियाओं में भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

