NEET-UG 2026 Paper Leak: नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। वही, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से नहीं हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए है।
एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने 2024 और 2026 के नीट पेपर लीक मामलों से निपटने के तरीके की तुलना की और पीएम मोदी से देश द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब देने की मांग की।
पेपर लीक पर मंत्री का इस्तीफा क्यों नहीं?
कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में लिखा कि नीट 2024 पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद नहीं हुई। मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। सीबीआई ने जांच शुरू की। एक समिति बनाई गई। नीट 2026 पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद कर दी गई। मंत्री ने अभी भी इस्तीफा नहीं दिया। सीबीआई फिर से जांच कर रही है। एक और समिति बनाई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा, “मोदी जी देश के आपसे कुछ सवाल हैं। उनके जवाब दीजिए! बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? आप इस बार-बार होने वाली परीक्षा पे चर्चा पर चुप क्यों हैं? आपने बार-बार विफल हो रहे शिक्षा मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया है?”
नीट-यूजी 2026 रद, अब 21 जून को होगी परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मंगलवार को 3 मई को आयोजित हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा को रद कर दिया। यह कदम जांचकर्ताओं को मिले उन सबूतों के बाद उठाया गया, जिनमें पाया गया था कि परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र के कई सवाल लीक हो गए थे।

