BREAKING CG NEWS

CG CRIME: पेट्रोल बाद में मिलेगा’ सुनते ही भड़के युवक, लाठी-डंडों से कर्मचारी से की मारपीट

Share this

CG CRIME: अभनपुर। रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडी मोड़ स्थित भारत पेट्रोल पंप में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित शिवा यादव निवासी ग्राम ठेलकाबांधा ने अभनपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि 16 मई 2026 की रात करीब 9 बजे बिजली गुल होने के दौरान आरोपियों ने विवाद कर हमला कर दिया।

शिवा यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी अजय यदु और योगेश्वर साहू के साथ ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान ठाकुर राम साहू अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंचे और अतिरिक्त डिब्बे में पेट्रोल भरने की बात कही। बिजली बंद होने के कारण कर्मचारियों ने लाइट आने के बाद पेट्रोल देने की बात कही, जिससे आरोपी नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। इसके बाद वे देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए।

आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद ठाकुर राम साहू, भोज सेन और पुरुषोत्तम ध्रुव अन्य साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे और मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्का और लाठी-डंडे से मारपीट की, जिससे योगेश्वर साहू के सिर, मस्तक, चेहरे और शरीर में चोटें आईं, वहीं अजय कुमार यदु के सीने, सिर और मुंह में चोट लगी। शिवा यादव को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में अक्षय चेलक, समीर बघेल सहित अन्य लोगों का नाम सामने आया है।

अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *