CG Health Alert: रायपुर। छत्तीसगढ़ में दवा लेने वाले मरीजों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की गई है। राज्य औषधि नियंत्रण विभाग ने ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन समेत 5 दवाओं के कुछ बैचों को अवमानक (Substandard) घोषित किया है। यह कार्रवाई DCGI (ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया) की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
विभाग ने प्रदेशभर के दवा विक्रेताओं, थोक व्यापारियों और अस्पतालों को अपने स्टॉक की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित बैच की दवाओं की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने को कहा गया है।
जानकारी के अनुसार, गुणवत्ता परीक्षण में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का एक बैच गंभीर रूप से फेल पाया गया। इसके अलावा नाक्पेन-पी, फ्लामो स्टार-एपी, एसीएचई-पी और कोल्डजिया टैबलेट के कुछ बैच भी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
औषधि नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि इन बैचों की दवाएं किसी मेडिकल स्टोर, अस्पताल या गोदाम में मौजूद हों तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दी जाए।

