BREAKING CG NEWS

1.3 करोड़ का ‘आम वाला खेल’! ट्रे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, पुलिस ने बीच रास्ते दबोचा

Share this

 

जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिकअप वाहन से एक करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा बरामद किया है, जिसे आम के ट्रे के बीच में छिपाकर ओडिशा ले जाया जा रहा था। इसी के साथ ही एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। यह पूरा मामला कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है।

विशेष अभियान ऑपरेशन आघात जारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है, इसी कड़ी में दोकड़ा चौकी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से दो क्विंटल से ज्यादा गांजा सहित एक आरोपी को पकड़ा है।

दरअसल, 12 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में गांजे की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद एक्शन में आई टीम ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी की। इस दौरान तस्कर पुलिस की नाकेबंदी देखकर गाड़ी लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे बगिया दोकड़ा मुख्य मार्ग के पास पकड़ लिया।

आम ट्रे के बीच गांजा

पुलिस की टीम ने जब उस वाहन की चेकिंग की, तो आम के ट्रे के बीच में 207 पैकेट 207 किलो गांजा मिला। इस गांजे को टेप में लपेटकर छिपाया गया था, जिसकी कीमत 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। साथ ही पिकअप वाहन, एक मोबाइल और 550 रुपए नगद जब्त किया गया है।

वही पुलिस ने बगीचा थाना क्षेत्र के विमड़ा गांव में रहने वाले प्रेम नाथ सिंह (36) को भी गिरफ्तार किया है। टीम ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने गांजा को ओडिशा के सुंदरगढ़ से लाया था, जिसे वो अंबिकापुर लेकर जा रहा था और वहां से एक अन्य व्यक्ति उस गांजा को उत्तर प्रदेश लेकर जाने वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चौकी दोकड़ा में एन डी पी एस की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *