PM Modi Event Security Lapse: नई दिल्ली। रविवार को बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। उनके मुख्य कार्यक्रम स्थल के पास जिलेटिन की दो छड़ें मिलीं। बेंगलुरु के सेंट्रल रेंज के डीआईजी के अनुसार, ये विस्फोटक सामग्री रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान मिली। यह जगह उस कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर थी, जहां प्रधानमंत्री को पहुंचना था।
‘फुटपाथ के किनारे मिलीं छड़ें’
अधिकारी ने बताया, “जांच के दौरान फुटपाथ के किनारे जिलेटिन की दो छड़ें मिलीं। यह जगह मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर है, जहां पीएम मोदी को पहुंचना था। आगे की जांच चल रही है।”
खुफिया एजेंसियों को मिला था आतंकी हमले का इनपुट
यह घटना खुफिया एजेंसियों द्वारा दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखे जाने के एक दिन बाद हुई है। एजेंसियों को संभावित आतंकी खतरे के बारे में इनपुट मिले थे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा दी थी।
एक अधिकारी ने बताया, “पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे संवेदनशील इलाकों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तुओं और खड़ी गाड़ियों पर कड़ी नजर रखें।”

