BREAKING CG NEWS

IPL मैच बना ‘कमाई का खेल’! कार में बैठकर चला रहे थे सट्टा, तीन गिरफ्तार

Share this

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क चलाने वाले नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी और दो लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस जांच में ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं।

36 मॉल के पास कार में चल रहा था सट्टा

जानकारी के अनुसार, 5 मई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित 36 मॉल के पास एक चारपहिया वाहन में सवार व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य-क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने अधीनस्थ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और संबंधित थाना प्रभारियों को सूचना की पुष्टि कर आरोपी की तत्काल तलाश एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन की पहचान की। वाहन में सवार व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नमन जग्गी निवासी कोतवाली, रायपुर बताया। टीम ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें Gold777.com नामक ऑनलाइन बेटिंग आईडी के जरिए क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया।

पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम आए समाने

पूछताछ के दौरान नमन जग्गी ने राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी को बेटिंग आईडी बेचने और उनके द्वारा भी सट्टा संचालन किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी की तलाश कर उन्हें एक चारपहिया वाहन में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए गिरफ्तार किया। आयुष जैन के मोबाइल फोन की जांच में jmdbet777.com और AllpaneleXch9.co नामक वेबसाइटों से सट्टा संचालन पाया गया, जबकि मोहम्मद सरफराज मामदानी के मोबाइल से silverbet777.club नामक आईडी के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना, खिलाना और आईडी वितरण करना सामने आया।

तीनों आरोपियों से जब्त सामग्री

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नगद और दो चारपहिया वाहन क्रमांक CG 04 QX 3300 एवं CG 04 NU 0313 जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में धारा 4(क) जुआ अधिनियम, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।

आरोपी आयुष जैन के भाई पहले से है जेल में

पुलिस के मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आयुष जैन के भाई पीयूष जैन को 31 जनवरी 2026 को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए 37 लाख 50 हजार रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में गंज थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था।

 

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

नमन जग्गी (36 वर्ष), निवासी जग्गी कॉम्प्लेक्स, पुलिस लाइन, रायपुर

आयुष जैन (30 वर्ष), निवासी प्रियदर्शिनी नगर, रायपुर

मोहम्मद सरफराज मामदानी (35 वर्ष), निवासी नयापारा, रायपुर

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *