UAE BUS ACCIDENT: Severe bus-truck collision in the UAE! Tragic death of 13 people, including several Indians
खाड़ी देश (पश्चिमी एशिया) संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में भीषण सड़क हादसा हुआ है। UAE के रास अल खैमाह में बस और ट्रक की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। मरने वालों में भारतीय भी शामिल हैं। हालांकि हादसे में कितने भारतीयों की मौत हुई है, ये जानकारी सामने नहीं आई है। वाणिज्य दूतावास ने मदद चाहने वालों के लिए 24 घंटे की टोल-फ्री हेल्पलाइन, 800-46342 भी जारी की है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना की जानकारी देते हुए दुख जताया है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने मृत भारतीय नागरिकों के परिवारों से संपर्क किया है। दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने में जुटा है।
जानकारी के मुताबिक बस में 41 यात्री सवार थे। तभी वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। यह ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। यह हादसा मंगलवार तड़के अल वतन रोड पर हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। शुरुआती जानकारी में हादसे के कारण 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।
भारतीय दूतावास ने पीड़ित परिवारों से किया संपर्क
इधर दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस हादसे पर दुख जताया और पुष्टि की कि पीड़ितों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दूतावास ने कहा कि उसने पीड़ित परिवारों से संपर्क किया है और उन्हें मदद दिलाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।

