बिलासपुर : बिलासपुर रेलवे स्टेशन आने वाले वाहन मालिकों के लिए अच्छी खबर है। अब वाहन पार्क करने के साथ उसकी धुलाई और छोटी-मोटी मरम्मत की सुविधा भी स्टेशन परिसर में ही मिल सकेगी। बिलासपुर स्टेशन के कार पार्किंग परिसर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला आधुनिक वॉशिंग सेंटर ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ शुरू किया गया है। यहां यात्रियों के साथ आम वाहन मालिक भी किफायती दरों पर अपने वाहनों की साफ-सफाई करा सकेंगे।
स्टेशन के कार पार्किंग परिसर में शुरू किए गए इस केंद्र में कार, बाइक, स्कूटी और ऑटो समेत अलग-अलग वाहनों की वॉशिंग और क्लीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। खास बात यह है कि यात्रियों को वाहन की पार्किंग और धुलाई के लिए अलग-अलग जगह जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्टेशन पहुंचते ही वाहन पार्क करने के साथ उसकी सफाई भी कराई जा सकेगी।रेलवे की इस पहल से यात्रियों के समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
वहीं आम वाहन मालिक भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। वॉशिंग सेंटर में बाजार की तुलना में किफायती दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है, जिससे स्टेशन आने वाले यात्रियों के साथ आसपास के लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा।सुविधा सिर्फ वाहन धोने तक सीमित नहीं रहेगी। सेंटर पर वाहनों के पंचर बनाने, मामूली मरम्मत और छोटे-छोटे स्पेयर पार्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। सीट कवर, हेलमेट जैसे जरूरी सामान भी यहां मिल सकेंगे। यानी अचानक वाहन खराब होने या छोटी जरूरत पड़ने पर वाहन मालिकों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ की शुरुआत यात्रियों और वाहन मालिकों को एक ही परिसर में आधुनिक, सुविधाजनक और किफायती सेवाएं देने की दिशा में की गई पहल है। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों की जरूरत से जुड़ी अधिक से अधिक सुविधाएं स्टेशन परिसरों में ही उपलब्ध कराई जाएं। ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ के शुभारंभ के दौरान कोरबा पूर्व विधानसभा प्रभारी व्ही. रामा राव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार, स्पेशल सेल प्रभारी निखिलेश विठलकर, स्टैंड मैनेजर अजय श्रीवास सहित भाजपा नेता हरि गुरुंग और कांग्रेस नेता कमलेश दुबे मौजूद रहे। बिलासपुर स्टेशन पर शुरू हुई यह सुविधा यात्रियों के लिए पार्किंग से आगे बढ़कर वाहन देखभाल की नई सुविधा के रूप में सामने आई है।

