Influencers and celebrities, beware! The FSSAI will take action if false claims are made about food and beverage products.
नई दिल्ली। सेलेब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएसर्स कई खाने-पीने वाली चीजों पर कई तरह के दावे करते हैं। इन दावों में इम्युनिटी बढ़ाने से लेकर पोषक तत्वों से भरपूर होने तक का दावा किया जाता है। ऐसे ही दावों पर अब ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (FSSAI) की नजर है। गुमराह करने वाले प्रमोशन को रोकने के लिए FSSAI बड़े कदम उठा रही है।
झूठा दावा करने पर होगा एक्शन
FSSAI ने इन्फ्लुएंसर्स और सेलेब्रिटीज को चेतावनी दी है कि बिना जांचे-परखे दावों का समर्थन करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। साथ ही, रेगुलेटर ने असुरक्षित फूड प्रोडक्ट्स बेचने वाले मैन्युफैक्चरर्स के खिलाफ भी सख्ती बरती है।
यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब फूड ब्रांड्स ऑनलाइन लाखों ग्राहकों तक हेल्थ ड्रिंक्स, प्रोटीन सप्लीमेंट्स, स्नैक्स और पैक्ड फूड्स की मार्केटिंग के लिए डिजिटल क्रिएटर्स और सेलेब्रिटीज पर तेजी से निर्भर हो रहे हैं।
FSSAI ने इन्फ्लुएंसर्स से कहा है कि वे अपना नाम या विश्वसनीयता जोड़ने से पहले यह पक्का कर लें कि ब्रांड का हर दावा सच है, वैज्ञानिक रूप से साबित है और फूड सेफ्टी नियमों के मुताबिक है।
रेगुलेटर ने कहा कि एंडोर्समेंट (समर्थन) सिर्फ विज्ञापनों से कहीं ज्यादा हैं, क्योंकि ग्राहक अक्सर उनका प्रमोशन करने वाले लोगों पर भरोसा करते हैं। ऐसे में सेलेब्रिटीज और इंफ्लुएंसर्स की जिम्मेदारी बनती है कि वे सही सामान का ही प्रमोशन करें।
Read more:- पैकेज्ड फूड पर Warning Label में देरी से SC नाराज, केंद्र-FSSAI को सख्त चेतावनी
बढ़ा-चढ़ाकर किसी चीज के बारे में न बताएं
FSSAI ने इन्फ्लुएंसर्स को चेतावनी दी कि वे इम्युनिटी बढ़ाने या पोषक तत्वों से भरपूर जैसे दावों को तब तक न बढ़ा-चढ़ाकर बताएं जब तक कि उनके पास सबूत न हों और फूड कानूनों के तहत इसकी इजाजत न हो।
रेगुलेटर ने कहा कि खाने-पीने की चीजों के गुमराह करने वाले विज्ञापनों और एंडोर्समेंट पर ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ और ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस, 2018’ के तहत कार्रवाई हो सकती है। FSSAI ने ग्राहकों से यह भी अपील की है कि वे अपने ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ प्लेटफॉर्म के जरिए खाने-पीने की चीजों के गुमराह करने वाले विज्ञापनों और सेलेब्रिटीज के एंडोर्समेंट की रिपोर्ट करें।

