CG Ration ATM: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को आधुनिक बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। अब हितग्राहियों को राशन की दुकानों पर लंबी कतार में लगकर चावल लेने की परेशानी से राहत मिलने वाली है। प्रदेश में ‘ग्रेन एटीएम’ (Grain ATM) की सुविधा शुरू की जा रही है, जिसके जरिए पात्र हितग्राही मशीन से सीधे अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।
24×7 घंटे चावल प्राप्त कर सकेंगे
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशनकार्डधारी हितग्राही अब अपनी सुविधा के अनुसार 24×7 घंटे चावल प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर राशनकार्डधारी को अपना आधार नंबर अथवा राशनकार्ड नंबर दर्ज करना होगा और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त किया जा सकेगा। इस सुविधा से उचित मूल्य की दुकानों में राशन लेने के लिए लगने वाली कतार और समय की बाध्यता से हितग्राहियों को राहत मिलेगी।
दूसरे राज्यों के हितग्राहियों को भी सुविधा
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की खासियत यह है कि छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों के साथ.साथ अन्य राज्यों के राशनकार्डधारी भी ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड‘ योजना के तहत बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इससे प्रवासी श्रमिकों और अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले हितग्राहियों के लिए भी राशन प्राप्त करना आसान होगा।

