रायपुर: छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा और भगवान श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा को समर्पित तीन दिवसीय “श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा” का भव्य शुभारंभ देवकीनंदन चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर, तिलक नगर से हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और भगवान श्रीराम की दिव्य वंदना के साथ इस पावन यात्रा की शुरुआत की गई। इस अवसर पर मंगला क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था भी उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुआ।
यात्रा की शुरुआत से पहले श्रद्धालुओं ने अनूठे अंदाज़ में घर-घर जाकर पीले चावल (अक्षत) और सुपारी भेंट की और सभी को इस पुण्य यात्रा में शामिल होने का आत्मीय निमंत्रण दिया। बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने यात्रा की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह यात्रा पूरी तरह श्रद्धामयी, शांतिपूर्ण और गैर-राजनीतिक है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार का विरोध या प्रदर्शन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप अपने ‘भांचा’ श्रीराम के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण का संदेश पूरे गौरव और गरिमा के साथ अयोध्या धाम तक पहुंचाना है। उन्होंने समस्त रामभक्तों, मातृशक्ति, युवाओं और सर्वसमाज से इस ऐतिहासिक और पावन यात्रा में सहभागी बनने की अपील की और कहा कि श्रद्धा का एक नारियल अर्पित कर छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से अपने भांचा श्रीराम के प्रति समर्पण का संदेश रामलला के श्रीचरणों तक पहुंचाने के इस पुण्य संकल्प में भागीदार बनें।
तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन, यात्रा श्री हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर राम सेतु पुल, हुंडई चौक, मुक्ति धाम, मार्क हॉस्पिटल, चंटीडीह किसान पारा, चिंगराज पारा, लिंगियाडीह और राजकिशोर नगर होते हुए मोपका पहुंचेगी। दूसरे दिन यात्रा मोपका, बिजौर, बहतराई और खमतराई से होते हुए अशोक नगर स्थित बगदाई मंदिर पहुंचेगी। अंतिम और तीसरे दिन यह यात्रा कोनी, बिरकोना, बैमा और महामाया मंदिर होते हुए नगोई स्थित वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धापूर्वक संपन्न होगी।

