बिलासपुर: रायपुर एवं बिलासपुर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच का तृतीय स्थापना दिवस समारोह होटल द ग्रैंड एमराल्ड, उसलापुर, बिलासपुर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर की प्रथम नागरिक एवं महापौर पूजा विधानी ने की। कार्यक्रम में प्रेम आर्य (प्रदेश उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज), विनोद मेघानी (अध्यक्ष, पूज्य सेंट्रल सिंध पंचायत, बिलासपुर), सुधांशु मिश्रा (जिलाध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी, बिलासपुर) एवं विजय क्रांति तिवारी (उपाध्यक्ष, बिलासपुर प्रेस क्लब) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन देते हुए दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच के ब्यूरो चीफ विकास सामनानी एवं प्रीतेश आर्य ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच पिछले तीन वर्षों से निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से जनता की आवाज बनकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रकाशन नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों एवं आमजन की आवाज को प्रमुखता से उठाना है।
मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच को तृतीय स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनता और शासन के बीच सेतु का कार्य करना तथा समाज के हितों की रक्षा करना है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में पूजा विधानी ने समाचार पत्र की सराहना करते हुए कहा कि दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच ने अल्प समय में अपनी विश्वसनीयता स्थापित की है और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज में सकारात्मक भूमिका निभाई है। उन्होंने समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने संबोधन में दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच की निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता की प्रशंसा की तथा कहा कि समाचार पत्र ने समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं और जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से सामने लाकर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सीए विनोद खत्री, वरिष्ठ समाजसेवी मोहन सामनानी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रेमनंद बजाज, बिलासपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गेहवई, प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, सदस्य कैलाश यादव, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप जगवानी, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, सिंधी सेंट्रल पंचायत के कोषाध्यक्ष दयाराम तिर्थानी, भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष शंकर मनचंदा, बंशीलाल भाटवानी (उपाध्यक्ष, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, मुंगेली), टीवी 100 छत्तीसगढ़ के ब्यूरो चीफ रवि महाराज, नवभारत के गवर्नमेंट एग्जीक्यूटिव देवेश जायसवाल सहित शहर की अनेक गणमान्य हस्तियां, पत्रकार बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच की तीन वर्षों की सफल एवं जनहितकारी पत्रकारिता की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित अतिथियों ने समाचार पत्र की निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच ने अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई है तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाकर आमजन का विश्वास अर्जित किया है।
अंत में विकास सामनानी एवं प्रीतेश आर्य ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। रात्रि भोज के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक एवं गरिमापूर्ण समापन हुआ।

