CG NEWS: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की पायलटिंग गाड़ी मवेशी से टकराने से बाल-बाल बची। सरगुजा में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद लौटते समय कटघोरा-बिलासपुर सीमा क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ। घटना को लेकर बैज ने प्रदेश की सड़कों पर मवेशियों के बैठे रहने और खराब सड़क व्यवस्था पर सरकार को घेरा।
मवेशियों को एक जगह रखने में सक्षम नहीं सरकार- बैज
दीपक बैज ने बताया कि सरगुजा में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे करीब 3 बजे वापस आ रहे थे। कटघोरा और बिलासपुर की सीमा क्षेत्र के आसपास सड़क पर जगह-जगह मवेशी बैठे और खड़े थे। 4 लेन सड़क पर एक मवेशी से टकराते हुए पायलटिंग गाड़ी बची। पायलटिंग गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी गाड़ी भी उससे टकराते-टकराते बची। सूझबूझ से गाड़ी को टर्न किया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की वजह से भी गाड़ियां दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं। मवेशी सड़कों पर आकर बैठे रहते हैं और कई यात्री मवेशियों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। हम भी उस दुर्घटना से बाल-बाल बचे हैं। सरकार मवेशियों को एक जगह रखने में सक्षम नहीं है। गौशाला हो या 4 लेन सड़क, व्यवस्था केवल खानापूर्ति तक सीमित है।

