BREAKING CG NEWS

CHHATTISGARH : भीम आर्मी के प्रदर्शन पर पुलिस का एक्शन! प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 पर  FIR दर्ज

Share this

CHHATTISGARH: Police action on Bhim Army’s protest! FIR registered against 11 including the state president

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में निकाले गए प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च कर रहे कार्यकर्ता ओसीएम चौक के पास मुख्य सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बसों के भी जाम में फंसने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर भीम आर्मी के बैनर तले लगभग 100 से 150 कार्यकर्ता प्रदर्शन करने निकले थे। प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च कर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना था। इसी दौरान प्रदर्शनकारी ओसीएम चौक पहुंचे और मुख्य मार्ग पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों के बैठने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए जाने की खबर सामने आई है।

एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंसीं ओसीएम चौक के पास प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे आम नागरिकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, जाम में मरीजों को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को घर छोड़ने जा रही बसें भी फंस गईं। लंबे समय तक यातायात बाधित होने से वाहन चालकों और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की। पुलिस के अनुसार, लाउडस्पीकर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समझाइश दी गई और उन्हें नवा रायपुर के तूता स्थित निर्धारित धरना स्थल पर प्रदर्शन करने के लिए कहा गया। हालांकि, आरोप है कि बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी मुख्य मार्ग से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की।

कोतवाली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा और युवराज ढीढी समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामला मुख्य सड़क पर यातायात बाधित करने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने से संबंधित है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर चल रहा प्रदर्शन चर्चा में आ गया है। एक ओर अभ्यर्थियों की मांगों का मुद्दा है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक सड़क पर प्रदर्शन और आम लोगों को हुई असुविधा को लेकर पुलिस की कार्रवाई सामने आई है। फिलहाल नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *