बिलाईगढ़। खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप की चोरी के मामले में सारंगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए मोटर पंप को भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोईरडीह निवासी अशोक साहू ने 1 नवंबर 2026 को थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने ग्राम मोहनी टिकरा स्थित अपने खेत में सिंचाई के लिए मोटर पंप लगाया था। जिसे 26 अक्टूबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 550/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोईरडीह निवासी खेमराज डहरिया और फिरतु सिदार एक पुराना मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने खेत से मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही चोरी किए गए मोटर पंप को गांव के मुक्तिधाम के पास छिपाकर रखना बताया।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोटर पंप बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेमराज डहरिया (23 वर्ष), पिता मुनुराम डहरिया एवं फिरतु सिदार (35 वर्ष), पिता रहस सिदार, दोनों निवासी ग्राम बोईरडीह, थाना सारंगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव, सहायक उपनिरीक्षक कलीराम कुर्रे, प्रधान आरक्षक सोनसाय यादव, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर एवं आरक्षक सुरेश अनंत की सराहनीय भूमिका रही।

