Pashu Sakhis were honored at the Mohalla Manpur Chowki district level Rajyotsava, Rajya Sabha MP Laxmi Verma presented certificates.
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ वॉच ब्यूरो)।मोहला मानपुर चौकी जिले के जिला मुख्यालय मोहला में आयोजित जिला स्तरीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव समारोह में बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा संचालित (पशुसखी) प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने प्रशिक्षित पशुसखियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एमएमएसी जिले के कलेक्टर तनुजा सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह एवं जिला पंचायत सदस्य मानपुर रानू टांडिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रशिक्षित पशुसखियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित करने, पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पशुपालकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उल्लेखनीय है कि द्वारा संचालित पशुसखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षार्थियों को पशुओं के टीकाकरण, विभिन्न बीमारियों की पहचान एवं रोकथाम, कृमिनाशक दवाओं के उपयोग, पशुशाला की स्वच्छता, पशु स्वास्थ्य एवं कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा पशुपालकों तक पशु स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित पशुसखियों को सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम में दलजीत गुप्ता, अनिल कपूर, निदेशक सचिन बोरकर, संकाय सदस्य नरेंद्र कुमार एवं रोहित पाल सहित संस्थान के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान संस्थान द्वारा सभी सफल प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। उम्मीद जताई गई कि प्रशिक्षित पशुसखियां प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों की सहायता, पशुधन के संरक्षण तथा ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने में करेंगी।

