देश दुनिया वॉच

रेत कारोबार बना गैंगवार! BJP नेता की हत्या पर दीपक बैज का बड़ा हमला

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता की हत्या के मामले में अब सियासत पूरी तरह गरमा गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने इस घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रेत की कालाबाजारी के चक्कर में भाजपाई एक-दूसरे के खून के प्यासे बन गए हैं और अपने ही पार्टी के नेताओं की हत्या करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।

खूनी संघर्ष में बदला विवाद

बता दें कि मंगलवार को कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद हुआ था, जो रात में खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिसमें भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरू सिंह की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं इस घटना में तीन अन्य घायलों का अंबिकापुर अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं। बाकी तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

दीपक बैज ने लगाए गंभीर आरोप

दीपक बैज ने घटना के बाद भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अब रेत का व्यापार भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच गैंगवार का कारण बन चुका है। पूरे प्रदेश में रेत के लिए खून-खराबा मचा हुआ है। कोरिया जिले में बेहद ही डरावनी घटना घटी, एक भाजपा नेता ने दूसरे भाजपा नेता, उसके भाई और साथी को फॉर्च्यूनर गाड़ी में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। सरकार के संरक्षण में रेत माफिया बेलगाम हो चुका है। भाजपा के विधायक, सांसद, मंत्री सीधे रेत के कारोबार में लिप्त है और उनके संरक्षण में अपराधी आतंक मचा रहे हैं।

 

दीपक बैज ने गिनाईं प्रदेश की वारदातें

  • बमुश्किल एक पखवाड़ा पहले जांजगीर-चांपा के जैजैपुर में घर में घुसकर दो भाईयों को गोली मार दी जाती है।
  • कुछ दिनों पहले बलरामपुर में रेत माफिया ने पुलिस कांस्टेबल पर ट्रैक्टर चढ़ा कर हत्या कर दिया।
  • राजनांदगांव में रेत माफिया ने गोली बारी किया।
  • गरियाबंद में रेत माफिया ने खनिज इंस्पेक्टर और माइनिंग अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा।
  • बस्तर में अवैध रेत के खिलाफ खबर चलाने के कारण बस्तर में पत्रकार बप्पी राय सहित चार पत्रकारों को गांजा तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसा दिया गया।
  • बिलासपुर के मस्तूरी में गोलियां चलाई गई।
  • रायगढ़ में कोयले के लिए घंटों उड़िसा बार्डर पर गोलियां चलाई गई।
  • धमतरी में जनप्रतिनिधियों को रेत माफिया ने मारने का प्रयास किया।

सरकार पर जमकर साधा निशाना

दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रेत के कारोबार में कहीं किसी की हत्या हो रही है, कहीं चाकूबाजी हो रही है। पूरे प्रदेश के रेत घाटों में खुलेआम माफिया राज चल रहा है और सरकार सोई हुई है। सरकार में बैठे लोग पैसा कमाने के लिए पूरे प्रदेश में रेत के धंधे में खूनी खेल रहे, भय फैलाये जा रहे हैं, भयावह स्थिति बनी हुई है। पूरे प्रदेश में रेत के कारण गोलियां चल रही, हत्या हो रही, चाकू मारा जा रहा, सत्तारूढ़ दल के लोग इसमें शामिल है, सरकार में बैठे लोग उनको प्रश्रय दे रहे है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *