रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बढ़ोतरी पर सियासत गरमाई हुई है। कांग्रेस इसके खिलाफ आज में सभी जिलों में प्रदर्शन किया। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर व अन्य जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन भी किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ी हुई बिजली दरों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
रायपुर के डंगनिया में कांग्रेस ने नगाड़ा बजाकर और हाथों में बिजली मीटर लेकर विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष कुमार मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता को लूटने का काम कर रही है। हर मोर्चे पर जनता को राहत देने में विफल साबित हुई है। स्मार्ट मीटर के नाम पर भी जनता को परेशान किया जा रहा है। पार्टी जनता की आवाज बनकर इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे,पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे आदि जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

