बिलासपुर: जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार तड़के चार नकाबपोश बदमाशों ने खूनी लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने विरोध करने पर एक सुरक्षा गार्ड पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद दोनों गार्डों को रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया और कैश लूटने का प्रयास किया। जब बदमाश लॉकर तोड़ने में नाकाम रहे, तो वे दुकान से शराब, मोबाइल और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विरोध करने पर गार्ड पर किया जानलेवा हमला
मस्तूरी थाना प्रभारी कृष्णचंद सिदार से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार तड़के करीब 2 बजे की है। चार नकाबपोश युवक अचानक दुकान में घुसे और लूटपाट की नीयत से धावा बोल दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड हरकुमार ने जब उनका डटकर विरोध किया, तो दूसरा गार्ड शैलेंद्र भी मदद के लिए पहुंच गया। गार्डों के कड़े विरोध से बौखलाए बदमाशों ने हरकुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गार्ड के लहुलूहान होते ही बदमाशों ने दोनों को रस्सी से बांध दिया और बंधक बना लिया।
कटर से लॉकर काटने का प्रयास, नाकाम रहने पर उड़ाई शराब
गार्डों को बेबस करने के बाद आरोपी बेखौफ होकर दुकान के अंदर घुसे। उन्होंने कटर मशीन की मदद से कैश लॉकर तोड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। लॉकर नहीं खुलने पर झल्लाए बदमाशों ने दुकान में रखी करीब 25 हजार रुपये की शराब उठाई, एक गार्ड का मोबाइल फोन छीना और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर सिस्टम भी अपने साथ ले गए।
बदमाशों के भागने के बाद दोनों गार्डों ने किसी तरह मशक्कत कर खुद को बंधन से मुक्त किया और आसपास के ग्रामीणों को जगाकर पुलिस व आबकारी विभाग को सूचना दी।

