BREAKING CG NEWS

इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़: BP मशीन के डिब्बे में ‘सफेद जहर’! नाईजीरियन समेत 2 गिरफ्तार

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली में दबिश देकर एक नाईजीरियन नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह नाइजीरिया से संचालित हो रहा था और कोरियर के जरिए BP मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोकिन की सप्लाई की जा रही थी।

कोरियर के जरिए चलता था ड्रग्स का खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मेडिकल उपकरणों के नाम पर कोरियर भेजते थे। BP मशीन के बॉक्स में कोकिन छिपाकर देश के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई की जाती थी। इस तरीके से लंबे समय से रैकेट संचालित हो रहा था।

पहले छत्तीसगढ़ में हुई कार्रवाई से खुला राज

19 मार्च को देवेंद्र नगर पुलिस ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ मिलकर एक निजी अस्पताल में छापा मारा था। यहां से कृष्ण गोपाल अग्रवाल और विजय अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 4.55 ग्राम कोकिन, नकदी, कार और मोबाइल बरामद हुए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ड्रग्स की सप्लाई एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए हो रही है।

दिल्ली से पकड़े गए आरोपी

जांच के बाद पुलिस टीम दिल्ली के तिलक नगर पहुंची, जहां से सन्नी शर्मा (26) और नाईजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स (38) को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में पता चला कि गिरोह का मास्टरमाइंड नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ नाम का व्यक्ति है।

 

बैंक अकाउंट का होता था इस्तेमाल

आरोपी सन्नी शर्मा ने अपना बैंक अकाउंट कमीशन पर नाईजीरियन गिरोह को दिया हुआ था। इसी खाते के जरिए ड्रग्स कारोबार की रकम का लेन-देन किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपये नकद, 5 मोबाइल और 3 चेकबुक जब्त किए हैं।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *