BREAKING CG NEWS

CG LPG Scam: टैंकरों से 90 टन गैस गायब, करोड़ों की कालाबाज़ारी का खुलासा

Share this

CG LPG Scam : महासमुंद। एलपीजी गैस की कालाबाज़ारी से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसने प्रशासन और पुलिस दोनों को चौकन्ना कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि सुरक्षित रख-रखाव के लिए प्लांट को सुपुर्द किए गए 6 गैस कैप्सूल वाहनों से करीब 90 मीट्रिक टन एलपीजी गैस की हेराफेरी की गई। इस गैस की अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ये है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, यह पूरा खेल मार्च के अंतिम सप्ताह से लेकर 6 अप्रैल 2026 के बीच सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। मामले में ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स अभनपुर (उरला) के मालिक संतोष ठाकुर, डायरेक्टर सार्थक ठाकुर और प्लांट मैनेजर निखिल वैष्णव पर मिलीभगत के आरोप लगे हैं। आरोप है कि इन लोगों ने कैप्सूल वाहनों में भरी गैस को धीरे-धीरे निकालकर अलग-अलग टैंकरों के जरिए बाजार में खपा दिया।

जांच के दौरान कैप्सूल वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम से मिली जानकारी ने पूरे घोटाले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गतिविधियों का क्रमवार विश्लेषण किया, जिसमें सामने आया कि 31 मार्च को 2 कैप्सूल, 1 अप्रैल को 1 कैप्सूल, 3 अप्रैल को 1 कैप्सूल और 5 अप्रैल को 2 कैप्सूल से गैस निकाली गई। इस तरह कुल 6 कैप्सूल से 90 मीट्रिक टन अवैध रूप से गैस खाली की गई।

 

जब्त दस्तावेजों की जांच में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। रिकॉर्ड के मुताबिक अप्रैल महीने में मात्र 47 टन गैस खरीदी गई थी और शुरुआती स्टॉक भी शून्य था। इसके बावजूद 107 टन से अधिक गैस की बिक्री दर्ज दिखाई गई। खरीद और बिक्री के आंकड़ों में यह भारी अंतर साफ तौर पर चोरी और कालाबाज़ारी की ओर इशारा करता है।

सरकारी नियमों की खुली अवहेलना

प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने यह कार्य उच्च अधिकारियों के निर्देश पर किया। गैस को पहले प्लांट के बुलेट टैंक में खाली किया जाता था और फिर निजी टैंकरों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर भेज दिया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि रायपुर और आसपास के इलाकों में 4 से 6 टन तक गैस कच्चे चालान, यानी बिना पक्के बिल के सप्लाई की गई। यह पूरी प्रक्रिया गैस संकट के समय सरकारी नियमों की खुली अवहेलना करते हुए संचालित की जा रही थी।

पहले प्रशासन ने ही सौंपे थे कैप्सूल

जानकारी के अनुसार, जिन 6 गैस कैप्सूल वाहनों से हेराफेरी की गई, उन्हें पहले सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन द्वारा सुपुर्दनामा में दिया गया था। बाद में इन्हीं वाहनों का दुरुपयोग कर गैस की चोरी को अंजाम दिया गया। मामले में अब तक निखिल वैष्णव नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

 

 

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *