देश दुनिया वॉच

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने नववर्ष पर देशवासियों को बधाई दी

Share this

नई दिल्ली । राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने नववर्ष पर देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में प्रत्येक के जीवन में खुशहाली, स्वास्थ्य, सफलता और संपन्नता की कामना की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नया वर्ष हमारे जीवन में शांति, संपन्नता और भाईचारे की भावना सुदृढ़ करेगा।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि नया वर्ष नई शुरूआत का समय है। यह जीवन में नए लक्ष्य तय करने और नए संकल्प लेने का समय है। श्री नायडू ने कहा कि नव वर्ष पर हमें उदार, दयावान और विचारशील बनने का संकल्प लेना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नए वर्ष की बधाई दी है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने नए वर्ष में हर एक के लिए प्रसन्‍नता और स्‍वास्‍थ्‍य की शुभकामना की। उन्‍होंने देश की प्रगति और समृद्धि तथा महान स्‍वतंत्रता सेनानियों के स्‍वपन को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम का आह्वान किया। भारत में नव वर्ष कोविड महामारी की चिंताओं के बीच मनाया गया। भारतीय पर्यटकों ने गोवा में समुद्र तट पर नए वर्ष 2022 का स्‍वागत किया। कर्नाटक में बंगलुरु में एम.जी. रोड और ब्रिगेड रोड पर समारोहों का आयोजन नहीं हुआ। केरल ने भी शांतिपूर्ण ढंग से नए साल का स्‍वागत किया। पूरे राज्‍य में रात का कर्फ्यू लागू है और लोग अपने घरों तक सीमित रहकर ही नव वर्ष का स्‍वागत कर रहे हैं। फोर्ट कोच्चि, कोवलम और कोझिकोड समुद्र तट भी नववर्ष पर वीरान नजर आये। पूरे देश में नव वर्ष समारोहों पर प्रतिबंध लागू था। दिल्‍ली और कर्नाटक जैसे राज्‍यों में समारोह पर पूरी तरह पाबंदी रही। अन्‍य राज्‍यों में संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं। हरियाणा में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक का कर्फ्यू लागू है। गश्‍ती दलों ने मॉल, क्‍लब और अन्‍य स्‍थानों पर कडी निगरानी रखी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *