CG Weather: Weather system will become active again amid the cold, the impact of the cyclone will be visible in December
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। प्रदेश में बादलों का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान में बदलाव की रफ्तार धीमी बनी हुई है। इस बीच म्यांमार के समुद्र तट पर हलचल वाली स्थिति बनने के संकेत मिल रहे हैं। अनुमान है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
बादलों के कारण तापमान में नहीं हो रही तेजी से गिरावट
नवंबर का महीना इस बार मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इस महीने तीन बार मौसम को प्रभावित करने वाले सिस्टम सक्रिय हुए, जिसके चलते प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला।
छत्तीसगढ़ में अभी चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसके असर से वातावरण में नमी बनी हुई है और आसमान में बादलों की मौजूदगी देखने को मिल रही है। यही वजह है कि न्यूनतम तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो पा रही है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। वहीं, म्यांमार के समुद्र तट पर बन रही हलचल को लेकर मौसम पर नजर रखी जा रही है। अनुमान है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है।

