रायपुर। आंजनेय विश्वविद्यालय एवं टीम चेस सिटी रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘द्वितीय आईएम सागर शाह विज़नरी चेस कप 2026’ का भव्य आयोजन आंजनेय विश्वविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 200 शतरंज खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी रणनीतिक क्षमता एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
1850 ईएलओ से कम रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरती हुई शतरंज प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि को बढ़ावा देना था। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं रेटिंग वर्गों के 70 से अधिक खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विभिन्न श्रेणियों में छह खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं शतरंज प्रेमियों का उत्साह देखने योग्य रहा। सभी प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, अनुशासित संचालन एवं सकारात्मक वातावरण की सराहना की।
युवा प्रतिभाओं को अवसर देना हमारी प्राथमिकता है : डॉ. प्रांजलि गनी
आंजनेय विश्वविद्यालय की छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. प्रांजलि गनी ने कहा,
“आंजनेय विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को खेल, नवाचार, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के लिए राष्ट्रीय स्तर के अवसर उपलब्ध कराना भी है। शतरंज जैसा बौद्धिक खेल विद्यार्थियों में धैर्य, तार्किक सोच, निर्णय क्षमता और रणनीतिक दृष्टिकोण विकसित करता है। हमें प्रसन्नता है कि देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हमारे परिसर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भविष्य में भी विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी क्षमता निखारने के अवसर प्रदान करता रहेगा।”
खेल उत्कृष्टता और समग्र विकास हमारी पहचान है : डॉ. जयेंद्र नारंग
आंजनेय विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. जयेंद्र नारंग ने कहा,
“आंजनेय विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और उत्कृष्टता की संस्कृति से जोड़ते हैं। हमें गर्व है कि हमारा परिसर देशभर की प्रतिभाओं के लिए एक प्रतिष्ठित मंच बन रहा है। आने वाले समय में भी विश्वविद्यालय ऐसे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों का आयोजन कर युवाओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।”
‘द्वितीय आईएम सागर शाह विज़नरी चेस कप 2026’ का सफल आयोजन आंजनेय विश्वविद्यालय की खेलों के प्रति सकारात्मक सोच, सामाजिक सहभागिता एवं प्रतिभा संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में स्थापित हुआ

