Japan PM India Visit: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकइची 1 से 3 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली का आधिकारिक दौरा करेंगी। इस दौरान वे 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन की प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त अध्यक्षता करेंगी। यह प्रधानमंत्री ताकइची का भारत का पहला आधिकारिक दौरा होगा।
मौजूदा वैश्विक हालात व ट्रंप प्रशासन की तरफ से हिंद-प्रशांत महासागर को लेकर पारंपरिक नीति में बदलाव के संकेतों के बीच भारत व जापान के बीच होने वाली इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देखना होगा कि हिंद प्रशांत क्षेत्र में पहले ही सहयोग के कई विकल्पों पर विचार कर रहे उक्त देशों की आगे की रणनीति क्या होती है।
भारत-जापान शिखर सम्मेलन
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह शिखर सम्मेलन दोनों देशों को द्विपक्षीय सहयोग के पूर्ण स्पेक्ट्रम की समीक्षा करने और उसे मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।
साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा, जिनमें दोनों देशों के साझा हित शामिल हैं। यह दौरा अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री मोदी के टोक्यो दौरे (15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन) के बाद हो रहा है और भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

