धमतरी : कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जनदर्शन कार्यक्रम में पत्नी और दो बच्चो के साथ अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक शख्स ने मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। युवक को तत्काल रोककर सुरक्षित किया गया।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साई बाबा मंदिर के पास का निवासी है। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। उसका आरोप है कि वह और उसका परिवार पिछले करीब 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप अपने मकान में निवास कर रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।
रोहित सोनी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था, तब 10 से 20 लोगों का समूह उसके निर्माणाधीन घर में घुस आया और काम बंद करा दिया। आरोप है कि उसे घर छोड़कर कहीं और चले जाने के लिए दबाव बनाया गया। युवक का कहना है कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने मकान नहीं छोड़ा तो उसके लिए स्थिति ठीक नहीं होगी।
आवेदन में रोहित ने भाजपा पार्षद निलेश लुनिया और उनके कुछ साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा है कि पार्षद और उनके समर्थक लगातार उस पर घर खाली करने का दबाव बना रहे हैं। युवक का आरोप है कि उसे कहा गया कि “भाजपा की सरकार है और मैं भाजपा का नेता हूं, जहां जाना है जाओ, मैं देखता हूं तुम यहां कैसे रहते हो।”
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसके घर आने-जाने के रास्ते को खोदकर गड्ढा बना दिया गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। उसने दावा किया कि कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर वह जनदर्शन कार्यक्रम में अपने दो बच्चो और पत्नी के साथ अपनी बात रखने पहुंचा था।
जनदर्शन के दौरान अचानक उसने अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास करने लगा। हालांकि वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे रोक लिया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
युवक ने प्रशासन से मांग की है कि उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, घर तक आने-जाने का रास्ता बहाल कराया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल प्रशासन ने युवक की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं आत्मदाह के प्रयास की घटना के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

