SuShasan Tihar: मोहला-मानपुर: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के खरदी गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पंडाल में लगे एक चालू पंखे में अचानक ब्लास्ट हो गया और वह धूं-धूं कर जलने लगा। राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने समय रहते मोर्चा संभाला, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
कब और कैसे हुई घटना ?
दरअसल, मानपुर विकासखंड के खरदी गांव में सुशासन तिहार के तहत एक विशाल शिविर का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी बतौर नोडल आबकारी विभाग के पास थी। कार्यक्रम के दौरान मंच पर जिला कलेक्टर सहित प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान पंखे से अचानक तेज धुआं निकलने लगा और इसी के साथ ही उसमें छोटा सा ब्लास्ट भी हो गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और विद्युत मंडल के अधिकारियों ने जलते हुए पंखे के मुख्य बोर्ड से बिजली का कनेक्शन काट दिया। बिजली की सप्लाई बंद होते ही पंखे में भड़की आग पर काबू पाया गया।

