नई दिल्ली। कर्नाटक में सत्ता को लेकर सस्पेंस बरकरार है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के इस्तीफे देने और डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के अटकलों के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बेंगलुरु में सीएम आवास पर पहुंचे हैं। जहां वे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात किए हैं।
बेंगलुरु में CM आवास पर नाश्ते की बैठक के दौरान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस दौरान डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के पैर भी छुए। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के आवास पर बैठक जारी है। बैठक में कर्नाटक कांग्रेस का कमान किसके हाथ में होगा यह तय हो सकता है।
सिद्दरमैया ने नहीं मांगा राज्यपाल से समय
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, लोक भवन के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री ने अभी तक राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय नहीं मांगा है। यह घटना मुख्यमंत्री कार्यालय के शीर्ष सूत्रों द्वारा बुधवार को दिए गए उस बयान के एक दिन बाद सामने आई है, जिसमें कहा गया था कि सिद्धारमैया ने आज गहलोत से मिलने का समय मांगा है।
लोक भवन के अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत मध्य प्रदेश के अपने गृह नगर इंदौर में हैं। जब यह पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री ने गहलोत से मिलने का समय मांगा है, तो लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “महामहिम यहां नहीं हैं। ऐसी कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल ऐसा कोई संदेश या सूचना नहीं मिली है।”

