CG POLITICAL: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे को लेकर दिए गए बयान पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता पूरी तरह से बंटे हुए है. बयान पर गरमाई सियासत के बीच एक तरफ पूर्व मंत्री अमरजीत भगत बयान का बचाव कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर उप मुख्यमंत्री अरुण साव बयान को कांग्रेसियों की घटिया मानसिकता करार दे रहे हैं.
दीपक बैज के विवादित बयान पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि गलत क्या बोल रहे हैं. प्रधानमंत्री विदेश यात्रा में गए तो क्या उपलब्धि लेकर आए. सिर्फ टॉफी खिलाने और फोटो खिंचाने गए हैं क्या?
इस पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बहुत दुर्भाग्य है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी घटिया स्तर की राजनीति कर रही है. ये घटिया मानसिकता के लोग हैं. राहुल गांधी और पीसीसी चीफ बैज जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, सड़क का आदमी भी उस भाषा का इस्तेमाल नहीं करेगा. शब्दों की मर्यादा को तार-तार किया गया है. देश के लिए दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ऐसे बयान दे रही है. इन्हीं बयानों के कारण कांग्रेस लगातार सिकुड़ती जा रही है.

