CG TEACHER SALARY: The path is clear for teachers’ salaries! DPI approves 715.7 million rupees
छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। काफी समय से सैलेरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने बड़ी वित्तीय मंजूरी दी है।
प्रदेश के 12 जिलों में संचालित स्वामी आत्मानंद स्कूलों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए कुल 71 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में डीपीआई ने आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है।
बिलासपुर को सबसे ज्यादा 29 करोड़ रुपये से अधिक
जारी आदेश के मुताबिक, जिलों को उनकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग राशि आवंटित की गई है। इसमें बिलासपुर जिले सबसे आगे है। जिले को 2906 लाख रुपये यानी 29 करोड़ 6 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। इसके बाद सूरजपुर को 747 लाख रुपये और सक्ती को 610.50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के लिए 531 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन जिलों को भी मिली करोड़ों की राशि
अन्य जिलों में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को 470.50 लाख, मुंगेली को 385 लाख, जांजगीर को 332 लाख और कोरिया को 265 लाख रुपये मिले हैं। इसी तरह गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के लिए 261 लाख, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के लिए 256 लाख, नारायणपुर के लिए 254 लाख और दंतेवाड़ा के लिए 139 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
वेतन भुगतान के लिए जारी हुई राशि
डीपीआई की इस मंजूरी से संबंधित 12 जिलों के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए वित्तीय व्यवस्था का रास्ता साफ हुआ है। कुल 71.57 करोड़ रुपये की स्वीकृति के बाद अब कर्मचारियों को वेतन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। खास बात यह है कि आवंटित राशि में बिलासपुर जिले का हिस्सा सबसे बड़ा है।

