CG Liquor Scam: Return from Dubai, late night court appearance, and then remand! Major action against Vikas Agarwal in the liquor scam
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित शराब घोटाले की जांच में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), विदेश मंत्रालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू के आपसी समन्वय से यह कार्रवाई पूरी की गई। विकास को शराब सिंडिकेट का प्रमुख वित्तीय समन्वयक बताया जा रहा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि शराब कारोबार से जुड़े कथित अवैध कमीशन की वसूली और रकम के बंटवारे में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।
देर रात विशेष अदालत में पेशी, 30 नवंबर तक रिमांड मंजूर
दुबई से भारत लाए जाने के बाद विकास अग्रवाल को रायपुर पहुंचाया गया। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जांच एजेंसी ने आरोपी से पूछताछ के लिए छह दिसंबर तक की रिमांड मांगी थी। हालांकि, अदालत ने 30 नवंबर तक की रिमांड स्वीकृत की है। रिमांड अवधि के दौरान ईओडब्ल्यू को कथित शराब सिंडिकेट की वित्तीय गतिविधियों, कमीशन के लेनदेन और विभिन्न कंपनियों के माध्यम से रकम खपाने के आरोपों के संबंध में पूछताछ का अवसर मिलेगा।

