Deepathun controversy: Ignoring the Supreme Court’s order proved costly! Contempt notices issued to 15 officials from Tamil Nadu
Deepathun controversy: चेन्नई। तमिलनाडु के मदुरै की पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने के आदेश का पालन न करने पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।
शीर्ष अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी समेत 15 अन्य सरकारी और मंदिर अधिकारियों को अदालत की अवमानना यानी कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट का नोटिस जारी किया है।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने टिप्पणी की कि जिस तरह से यह पूरा घटनाक्रम हुआ है, उससे संकेत मिलता है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया है।
अदालत ने कहा कि न केवल इस न्यायालय की गरिमा बचाने के लिए, बल्कि न्याय प्रशासन की पवित्रता बनाए रखने के लिए भी इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाना जरूरी है।
मुख्य सचिव से मांगी गई कॉल डिटेल
घटनाओं की पूरी कड़ी को जोड़ने के लिए अदालत ने मुख्य सचिव एम साई कुमार को एक हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है।
इस हलफनामे में दीप जलाने की निर्धारित तिथि से पहले अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, टेलीफोन कॉल, संदेशों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का पूरा ब्योरा देना होगा। इसके साथ ही, उन्हें अदालत के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने का भी निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
वरिष्ठ अधिकारियों समेत ट्रस्टियों को मिला नोटिस
मुख्य सचिव कुमार के अलावा, कम से कम तीन आईएएस अधिकारियों को अवमानना नोटिस भेजा गया है, जिनमें हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती सचिव वी राजारमन, एचआर एंड सीई आयुक्त टीजी विनय और मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा शामिल हैं।
दो आईपीएस अधिकारियों डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल और मदुरै के पुलिस आयुक्त एस राजेंद्रन को भी नोटिस जारी किया गया है।
अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के कई अन्य अधिकारियों और ट्रस्टियों से भी जवाब मांगा गया है कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए।
क्या है पूरा विवाद?
यह पूरा मामला मदुरै की तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने से जुड़ा है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद पहाड़ी के दीपथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया था।
इससे पहले दिन में सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने आदेश का पालन न करने पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई थी और इसे प्रथम दृष्टया जानबूझकर की गई अवहेलना का मामला बताया था।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि विशेष रूप से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अदालत के आदेशों की जानबूझकर अनदेखी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इससे सख्ती से निपटना होगा।
शनिवार को दीप जलाने का आदेश
कड़ी कार्रवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित कर दिया है। साथ ही, अदालत ने आदेश दिया है कि शनिवार को उच्ची पिल्लैयार मंडपम में लगातार जल रही ज्योति का उपयोग करके दीपाथून स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाया जाए।

