Mahadev Satta’s new location! Network shifted from Dubai to Britain
महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर जांच एजेंसियों लगातार कार्रवाई कर रहे है। सिंडिकेट ने अपने ठिकाने और काम करने का तरीका बदल लिया है। अब इस नेटवर्क का संचालन दुबई के बजाय ब्रिटेन से किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, सट्टे के पैनल श्रीलंका और वियतनाम से चलाए जाने की बात कही जा रही है। लगातार गिरफ्तारी और इंटरपोल की कार्रवाई के दबाव के बीच नेटवर्क से जुड़े कई लोगों ने अपना ठिकाना बदल लिया है। कुछ लोगों के मलेशिया पहुंचने की भी जानकारी है।
दुबई से ब्रिटेन तक बदला नेटवर्क का ठिकाना
रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद इंटरपोल के माध्यम से दुबई पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का दबाव बढ़ा। इसी सिलसिले में दुबई पुलिस ने रवि उप्पल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नेटवर्क से जुड़े लोगों ने अपनी गतिविधियों का नए सिरे से बंटवारा किया। पहले वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले विकास छपरिया की भूमिका भी बदल दी गई है। शुभम सोनी, अनिल अग्रवाल और टिबड़ेवाल समेत दूसरे लोगों के बीच काम बांटे जाने की जानकारी सामने आई है।
शुभम-अनिल और विशाल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
महादेव सट्टे के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के करीबी शुभम सोनी और अनिल अग्रवाल उर्फ अतुल को भारत लाने की तैयारी शुरू हो गई है। अदालत ने दोनों के साथ भोपाल के कारोबारी विशाल आहूजा के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। ईडी के नोटिस के बावजूद तीनों पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए।
अब शुभम और अनिल के प्रत्यर्पण के लिए अरबी और अंग्रेजी भाषा में दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। शुभम भिलाई और अनिल रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ का रहने वाला है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सौरभ की गैरमौजूदगी में शुभम सट्टे का संचालन देख रहा है, जबकि अनिल वित्तीय लेनदेन संभाल रहा है। विशाल पर आरोप है कि उसने दुबई जाने के लिए टिकट बुक कराने सहित अन्य व्यवस्थाएं की थीं।

