Misbehavior with the police in the pub was heavy! Action taken on IAS
विजयवाड़ा। बेंगलुरु के एक पब में हुए झगड़े और पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी व मारपीट की कोशिश के मामले में आंध्र प्रदेश सरकार ने कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास मरमत खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उनका ट्रांसफर कर दिया गया है।
10 अक्टूबर को रात करीब 1:30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक महंगे बार और रेस्तरां में 2019 बैच के आईएएस अधिकारी विकास और उनके तीन साथियों (रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग चलाने वाले नीतीश और बाउंसर रोशन) के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इन पर पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके समेत पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करने और उन पर हमला करने की कोशिश करने का आरोप है।
विकास मरमत को बनाया गया मुख्य आरोपी
मामले में आईएएस अधिकारी को मुख्य आरोपी बनाया गया, जबकि बाकी लोगों को सह-आरोपी के रूप में सूचीबद्ध किया गया। पुलिस ने बताया कि अगली सुबह मरमत और अन्य लोगों ने अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी।
क्या है घटना?
यह घटना तब हुई जब सेंट्रल क्राइम ब्रांच की एक टीम शराब की दुकानों पर नाबालिगों के शराब पीने या पार्टी करने की जांच के लिए रात करीब 1:30 बजे ‘कैवोर’ (Cavore) पहुंची। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अरुण सालुंके कर रहे थे। जांच के दौरान, एक पुलिस अधिकारी ने कुछ युवतियों से उनकी उम्र साबित करने के लिए दस्तावेज मांगे। बताया जाता है कि इससे मरमत और सिंह नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस के साथ रूखा व्यवहार करना शुरू कर दिया।

