BREAKING CG NEWS

चरणदास महंत का BJP पर बड़ा हमला, बोले- 136 मुद्दों पर जवाब नहीं दे पाई सरकार, ‘रामराज्य नहीं रावणराज्य’ है…

Share this

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सोमवार को अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश में रामराज्य के बजाय रावणराज्य स्थापित करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लोकतांत्रिक तथा संवैधानिक अधिकारों का लगातार हनन कर रही हैं और विपक्षी नेताओं व उनके समर्थकों को झूठे मामलों में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार विपक्ष की आवाज को पूरी तरह से दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।

 

विधानसभा के मानसून सत्र का जिक्र करते हुए डॉ. महंत ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर करीब 15 घंटे तक चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस ने सरकार के 136 सप्ताह के कार्यकाल से जुड़े 136 अहम मुद्दे सदन में उठाए, जिनमें मुख्य रूप से किसान, युवा, विद्यार्थी और शिक्षकों से जुड़े विषय शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी लंबी बहस के बावजूद राज्य सरकार विपक्ष के किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। डॉ. महंत ने तीखे शब्दों में कहा कि सरकार ने किसानों, युवाओं, शिक्षकों और छात्रों के साथ पाप किया है और वह अपनी जवाबदेही से भागने का प्रयास कर रही है।

 

जंतर-मंतर पर विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने इसे दुखद बताया। उन्होंने यूसीसी (समान नागरिक संहिता) को लेकर भी केंद्र पर संविधान की मूल भावना के विपरीत काम करने का आरोप लगाया। वहीं, अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के मामले पर उन्होंने सीधा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया। डॉ. महंत ने कहा कि इस कृत्य के लिए आरएसएस या भाजपा नहीं, बल्कि पीएम मोदी जिम्मेदार हैं, क्योंकि राम मंदिर ट्रस्ट के गठन की घोषणा उन्होंने ही की थी। भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए ऐसी अनियमितता पर सीधे जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

छत्तीसगढ़ की लचर कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की सामाजिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। स्कूल और कॉलेज के बच्चे सूखे नशे की गिरफ्त में हैं, जिसके कारण हत्या जैसी आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसी वीभत्स घटनाएं हो रही हैं, लेकिन राज्य का गृह विभाग इन पर प्रभावी कार्रवाई करने और लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है।

 

अपने इस प्रवास के दौरान डॉ. महंत ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी संगठनात्मक चर्चा की। वे मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के एसईसीएल वसंत विहार कॉलोनी स्थित निवास, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के वेयरहाउस रोड स्थित निवास और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुंशीराम उपवेजा के घर पहुंचे। इसके अलावा उन्होंने दयालबंद में स्वर्गीय अशोक गांधी के निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और विजय पांडेय सहित कई अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *