श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां के सैदापोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने बुधवार को एक आतंकी मार गिराया। पांच दिन से चल रहे अभियान में जवानों को यह सफलता मिली। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन वाली जगह से गोली चलने की आवाजें सुनाई दीं, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर एक आतंकवादी का शव देखा गया और उसे बरामद कर लिया गया। घटनास्थल के पास कुछ दूरी पर हथियार और गोला-बारूद भी दिखाई दिए। मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी था।
बता दें कि यह मुठभेड़ शनिवार को शुरू हुई थी। जिसके बाद सेना ने इलाके की घेरबंदी कर जंगलों में आतंकियों की तला शुरू कर दी। अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन अभी भी जारी है और इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
लश्कर के हैं दोनों आतंकी
शनिवार को सूचना मिली थी कि शोपियां जिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकी छिपे हैं, जिसके बाद जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। इन आतंकियों को एक बाग में सर्विलांस कैमरों ने देखा गया था। गत दिवस सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की और चार गांवों को खाली करा लिया था।
सुरक्षाबलों के घेरे में फंसे आतंकियों की पहचान लतीफ और जाकिर के रूप में बताई गई और दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों ने पास आ रहे सेना के जवानों पर गोलीबारी की थी, जिसका जवाब दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सेना की खास काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट, “विक्टर फोर्स” ने अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं।

