Nitin Gadkari CG Visit: रायपुर। रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण कार्य का जायजा लेने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जुलाई के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे सड़क मार्ग से रायपुर से विशाखापट्टनम तक यात्रा कर परियोजना की प्रगति का निरीक्षण करेंगे।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री सड़क निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा इंतजामों और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही परियोजना से जुड़े अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से चर्चा कर विभिन्न चरणों में चल रहे कार्यों की जानकारी भी लेंगे।
माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य में और तेजी लाई जा सकती है। रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर देश की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। करीब 16,482 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस कॉरिडोर का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी हिस्सों पर तेजी से निर्माण कार्य जारी है।

