मोहला-मानपुर: अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम दक्कोटोला के ग्रामीण दशकों से पक्की सड़क की सुविधा से वंचित है और कच्ची सड़क से आवागमन को मजबूर है। शासन और प्रशासन को आवेदन देने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण खुद चंदा इकट्ठा कर आपसी श्रमदान से माउंटेन मैन मांझी की तर्ज पर सड़क बनाने में जुटे हैं।
दो शिफ्ट में पहुंचते हैं ग्रामीण
महाराष्ट्र के बॉर्डर पर स्थित दक्कोटोला गांव में रोजाना सुबह और शाम दो पालियों में प्रत्येक घर से महिला-पुरुष ग्रामीण हाथों में फावड़ा, कुदाल और अन्य आवश्यक सामग्री लेकर गांव से एक ओर चिल्हाटी मुख्य मार्ग तथा दूसरी ओर ग्राम खुर्सीटीकुल को जोड़ने वाले, कच्चे और पथरीले मार्ग में जुटते हैं। साथ ही इस पथरीले सड़क में मुरूम और अन्य मटेरियल से पटाव कर सड़क को आवागमन लायक बनाते हैं, ताकि सुरक्षित व व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
Read more:- CG HIGH COURT: अबॉर्शन की अनुमति के लिए हाईकोर्ट पहुंची रेप पीड़िता
चंदा लेकर कर रहे आर्थिक व्यवस्था
यही नहीं ये ग्रामीण सड़क बनाने के लिए आपसी सहमति से गांव के प्रत्येक घर से 500-500 रुपए चंदा जुटाकर आवश्यक आर्थिक व्यवस्था कर रहे हैं। ग्रामीणों की माने तो हर साल बारिश से पहले वे इसी तरह से चंदे की राशि और आपसी श्रमदान से गांव की इस कच्ची सड़क को संधारित करते हैं।

