BREAKING CG NEWS

Achanakmar Tiger Reserve: आज से पर्यटकों के लिए खुला अचानकमार टाइगर रिजर्व

Share this

Achanakmar Tiger Reserve: Achanakmar Tiger Reserve opens for tourists from today

मुंगेली। छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) 1 नवंबर यानी आज से पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिया गया है। मानसून के बाद आज पहले ही दिन से सुबह-सवेरे बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचे। 18 बाघों की मौजूदगी और करीब 914 वर्ग किलोमीटर में फैले इस समृद्ध टाइगर रिजर्व में इस बार पर्यटकों के लिए कई नई और बेहतर सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

टाइगर रिजर्व में लौटी पर्यटकों की चहल-पहल

मुंगेली जिले में स्थित प्रसिद्ध अचानकमार टाइगर रिजर्व में आज से पर्यटकों की चहल-पहल लौट आई है। पर्यटन सत्र की शुरुआत होते ही पहले ही दिन देश और प्रदेश के कोने-कोने से वन्यजीव प्रेमी घने जंगलों के बीच रोमांच का अनुभव करने पहुंचे हैं।

इस बार ATR प्रबंधन ने पर्यटकों की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कई नई व्यवस्थाएं की हैं। अब पर्यटकों को छपरवा गेट के साथ-साथ केंवची गेट से भी प्रवेश का विकल्प मिलेगा। जंगल सफारी के रोमांच को दोगुना करने के लिए पर्यटकों को जिप्सी, महारानी और योद्धा जैसे विशेष वाहनों की सुविधा मुहैया कराई गई है, जिनके माध्यम से पर्यटक बिना किसी बाधा के वन्यजीवों और इस समृद्ध जैव विविधता को करीब से महसूस कर सकेंगे।

एटीआर में 18 बाघ हैं मौजूद

914.017 वर्ग किलोमीटर के विशाल क्षेत्रफल में फैले इस टाइगर रिजर्व की सबसे बड़ी खासियत यहां की बाघों की संख्या है। पिछली वन्यजीव गणना के अनुसार, एटीआर में 18 बाघ मौजूद हैं जो छत्तीसगढ़ के किसी भी अन्य टाइगर रिजर्व से काफी अधिक हैं।

सफारी के साथ-साथ पर्यटकों के रुकने के लिए शिवतराई स्थित बैगा रिसॉर्ट में 14 सामान्य और 4 प्रीमियम कमरों की सर्वसुविधायुक्त व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, एटीआर प्रबंधन ने पर्यटकों की सहायता और बुकिंग जानकारी के लिए विशेष हेल्पलाइन संपर्क नंबर भी जारी किया है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *