Sushmita Dev Resigns: नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी पर इन दिनों संकट के बादल छाए हुए हैं। ताजा घटनाक्रम में एक और राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस हफ्ते पार्टी से इस्तीफा देने वालीं वे दूसरी राज्यसभा सांसद हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सुष्मिता देव ने बुधवार सुबह राज्यसभा के सभापति (उपराष्ट्रपति) से मुलाकात कर उन्हें अपना आधिकारिक त्यागपत्र सौंप दिया। संसदीय पद छोड़ने के साथ ही सुष्मिता ने असम में तृणमूल कांग्रेस के सांगठनिक ढांचे को भी बड़ा झटका दिया है। उन्होंने असम टीएमसी के अध्यक्ष और सभी सांगठनिक पदों से इस्तीफा दे दिया है।
कांग्रेस छोड़ टीएमसी में हुई थीं शामिल
कांग्रेस छोड़कर आईं 53 वर्षीय नेता 2021 में तृणमूल में शामिल हुईं और उन्होंने जनसेवा का नया अध्याय शुरू करने की बात कही थी। सूत्रों के मुताबिक, वह अब बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। इस बात अटकलें इसलिए भी लगाई जा रही हैं क्योंकि इस्तीफा देने के बाद उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात की है।
सुष्मिता देव असम कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रभावशाली बंगाली नेता संतोष मोहन देव की बेटी हैं। वह कांग्रेस की महिला शाखा ‘ऑल इंडिया महिला कांग्रेस’ की प्रमुख भी रह चुकी हैं। वह पहले असम के सिलचर से सांसद रह चुकी थीं, जो उनके पिता का गढ़ था।

