नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान ने “पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम” पर सहमति जताई है, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में घोषणा की कि अमेरिका की मध्यस्थता में “लंबी रात” तक चली बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान “पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम” पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया, “अमेरिका की मध्यस्थता में लंबी रात तक चली बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। कॉमन सेंस और ग्रेट इंटेलिजेंस का उपयोग करने के लिए दोनों देशों को बधाई। इस मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद!”
सूत्रों के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर बातचीत हुई। आज दोपहर पाक डीजीएमओ ने बातचीत की पहल की, जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी। किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी का बड़ा बयान
वहीं, विदेश सचिव विक्रम मिसरी का भी इस पर बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि, भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला सीधे दोनों देशों के बीच हुआ। पाक डीजीएमओ ने आज दोपहर फोन पर बातचीत की जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी। किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है।
पाक डीजीएमओ ने किया फोन- MEA
वहीं भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी देते हुए बताया कि, “पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि, दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 17:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 12:00 बजे फिर से बात करेंगे। ”