रायपुर वॉच

राज्योत्सव पर बाबा-भूपेश विवाद की काली छाया : अनुराग सिंहदेव

Share this

रायपुर। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर कांग्रेस की सार्वजनिक कलह का हवाला देते हुए कहा कि सरगुजा अंचल में राज्योत्सव के पावन अवसर पर भी बाबा- भूपेश विवाद की काली छाया प्रकट हो गई। यह राज्य की जनता का अपमान है। राज्योत्सव कांग्रेस का निजी आयोजन नहीं, बल्कि राज्य के जन जन का सबसे बड़ा वह त्यौहार है, जो परम श्रद्धेय अटलबिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण करके हम सभी को उपलब्ध कराया है। इधर भाजपा आम जनता के साथ गौरव दिवस मना रही है और दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता उपेक्षा का आरोप लगाते हुए राज्योत्सव का बहिष्कार कर रहे हैं। धरने पर बैठ रहे हैं। कांग्रेसियों में कुर्सी युद्ध चल रहा है। पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी महाभारत के नजारे आम हैं। अब तो राज्योत्सव को ही कांग्रेस की कलह का कलंक लग गया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने अम्बिकापुर में आयोजित राज्योत्सव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बहिष्कार और मनेन्द्रगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल द्वारा साथियों सहित धरने पर बैठ जाने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को जितना भी लड़ना, झगड़ना, एक दूसरे गुट का अपमान करना है, वह पूरे जोश से करें। लेकिन जनता के उत्सव में नहीं, अपितु कांग्रेस के दफ्तरों में करें। कांग्रेसियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम राजीव भवनों में ही शोभा देते हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *