प्रांतीय वॉच

महिला जज की नौकरानी और उसका पति ही निकला कार चोर, पूछताछ हुई तो पता चला, बाइक भी चुराते थे, आरोपी दंपती गिरफ्तार

Share this

बिलासपुर : बिलासपुर में महिला जज की कार चोरी मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जज के घर काम करने वाली नौकरानी ही आरोपी है। उसने अपने पति के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में नौकरानी ने बताया कि जज आए दिन उसे डांटती और प्रताड़ित करती थी, इसलिए उसने चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने चोरी के आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दंपती ने बताया कि उन्होंने कई इलाकों से बाइक भी चोरी की है।

कुछ दिन पहले कोर्ट परिसर से चोरी हुई कार को पुलिस ने सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम के पास जब्त किया था। कार मिलने के बाद पुलिस को CCTV फुटेज मिला था, जिसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी। फुटेज में एक युवक कार छोड़कर जाता दिख रहा था। वहीं, थोड़ी दूर जाने के बाद युवक एक युवती के साथ एक्टिवा पर नजर आ रहा है। इस दौरान पुलिस को युवक-युवती के एक्टिवा का नंबर पता चला। इसके जरिए पुलिस आरोपियों तक आसानी से पहुंच गई।

नौकरानी ने काम छोड़ दिया था
एसपी दीपक झा ने बताया कि उसलापुर निवासी कमल साहू व पूजा साहू दोनों ने मिलकर जज की कार चोरी की थी। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों पति-पत्नी हैं। पूजा यादव जज के यहां नौकरानी थी। तब जज उसे आए दिन डांटती व प्रताड़ित करती थी। इसके चलते उसे काम छोडना पड़ा। यही वजह है कि उन्हें परेशान करने के लिए उसने अपने वाहन चालक पति के साथ मिलकर कार चोरी थी।

ये है मामला
जिला न्यायालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्वेता श्रीवास्तव मंगलवार को अपनी कार से कोर्ट पहुंची थी। उन्होंने पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर दी। इसके बाद वे न्यायालय चली गईं। दोपहर को वे घर जाने के निकलीं, लेकिन पार्किंग में कार नहीं मिली। उन्होंने आसपास पता लगवाया, लेकिन कार का पता नहीं चला। उन्होंने मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस से की थी। जज की कार चोरी होने का मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई।

कार का नंबर फर्जी निकला
गुरुवार को पुलिस के पास खबर आई कि गोकुलनगर में एक कार लावारिस खड़ी है। इस पर पुलिस ने कार जब्त कर नंबर के आधार पर मालिक की तलाश की। इसमें कार का नंबर फर्जी निकला। चेचिस नंबर से पता चला कि कार मजिस्ट्रेट श्वेता श्रीवास्तव की है। पुलिस ने आस-पास के CCTV फुटेज लेकर जानकारी जुटानी शुरू की। पता चला कि एक युवक कार को गोकुल नगर तक लेकर आया। उसके पीछे एक्टिवा सवार एक युवती भी आई। युवक कार छोड़कर युवती के साथ एक्टिवा से चला गया। फिर CCTV फुटेज के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।

बदल दिया था कार का नंबर, बाइक भी चुराते थे
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार चोरी करने के बाद नंबर बदल दिया था, जिससे पुलिस को चकमा दिया जा सके। आरोपी पति पत्नी से पूछताछ में पता चला कि पति पेशे से ड्राइवर है। इससे पहले भी उन्होंने मिलकर बाइक चोरी की थी। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के आधार पर अब तक पांच बाइक बरामद की है, जिसे दोनों पति पत्नी ने मिलकर चोरी किया था। दोनों ने पुलिस को बताया कि कवर्धा, मुंगेली व पथरिया सहित आसपास के इलाकों से उन्होंने आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी की है। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस चोरी की अन्य बाइक को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *