राजनांदगांव : पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार कहा कि भाजपा ने 5 महीने में 5 मुख्यमंत्री बदल दिए लेकिन कांग्रेस पिछले एक साल से मुख्यमंत्री को लेकर फैसला नहीं कर पाई है और इसके चलते प्रदेश का विकास अवरुद्ध हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होने राजनांदगांव पहुंचे डॉ. रमन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्ट कार्ड के माध्यम से बधाई दी जाएगी। प्रधानमंत्री के द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन योजना का लाभ दिलाया गया है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।
आखिर कौन है छत्तीसगढ़ का सीएम
एक प्रश्न के जवाब में डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा 5 महीनों में पांच मुख्यमंत्री बदल दिए गए हैं। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में एक मुख्यमंत्री भी नहीं बदल पा रही है। रात में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री होंगे तो सुबह यह सुनाई आता है कि टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री होंगे, इन सबके बीच छत्तीसगढ़ में अराजकता की स्थिति निर्मित हो गई है। छत्तीसगढ़ की जनता को यह समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री कौन है।
भाजपा का समर्पण अभियान शुरू
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस को भारतीय जनता पार्टी सेवा और समर्पण अभियान चलाकर लोगों की सेवा मे जुटी हुई है। इसी तारतम्य में जिले में भाजपा ने ब्लड डोनेशन कर और मरीजों को फल वितरण सहित वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एव प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिह शामिल हुए। डॉ. रमन सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र राजनंदगांव पहुंच कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन को सेवा एवं समर्पण अभियान चलाकर मनाया। इस मौके पर जिला अस्पताल में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर महादान का संदेश दिया।
अभियान चलाया
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने जिला अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदाताओं का हौसला अफजाई किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण कर उनका हाल चाल जाना। इसी तरह कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर पहुचकर सेंटर का जायजा लिया और अधिक अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर सेवा और समर्पण अभियान चलाकर लोगों की सेवा मे जुटी हुई है।
इस अभियान के तहत भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर महादान का संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि 100 से अधिक लोगों का रक्तदान देने का लक्ष्य भाजपा युवा मोर्चा ने रखा है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिह ने कहा कि दोनो ही अस्पताल अलग-अलग संचालित होगे। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को दुरुस्त करने स्वास्थ मंत्री से चर्चा की है।
अपराध में छत्तीसगढ़ नम्बर वन
डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़ता जा रहा है। जुआ सट्टा शराब घर-घर पहुंचा कर दी जा रही है। जिससे अपराध का गढ़ छत्तीसगढ़ बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की पोस्टिंग पैसा लेकर की जा रही है। जिससे अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।